संवाद (कविता)
-
स-संवाद
-------------------
१-
मैंने पूछा
सबसे मुलायम क्या है?
उसने कहा स्त्री का मन
मैंने फिर पूछा और सबसे मजबूत?
उसने कहा स्त्री का मन
२-
मैंने कहा
प्रतीकों, उदाहरणों, और संदर्भों में बात करना भी कितना सुंदर है ना?
उसने मुझे कुछ नहीं कहा
बस हल्के से छुआ
बिना किसी प्रतीक, उदाहरण,
और संदर्भ के!
३-
मैंने पूछा
तितली अधिक सुंदर है या फूल?
उसने कहा उनका मिलना
४-
मैंने पूछा?
इस समस्त ब्रम्हांड का केंद्र कहाँ है?
उसने कहा हमारी यह पृथ्वी
तो फिर पृथ्वी का?
हर वो जगह जहाँ स्त्री है
अच्छा तो फिर स्त्री का?
उसने कहा उसकी नाभि
५-
मैंने पूछा
सबसे सुंदर संगीत?
उसने कहा मौन
मैंने पूछा
सबसे दुर्लभ राग?
उसने कहा प्रेम
मैंने पूछा
सबसे बड़ा सुख?
उसने कहा अतृप्ति
मैंने पूछा
सबसे पहला संबंध?
उसने कहा दृष्टि
मैंने पूछा
ईश्वर कौन है?
उसने थोड़ा ठहर कर मुझे देखा
और फिर मुस्कुरा कर कहा
यह घड़ी, यह पल, यह क्षण।
--
Comments
Post a Comment