पीपल और ऑक्सीजन

हिन्दू आस्था में पीपल के पेड़ को पूजनीय माने जाने पर कुछ लोग तर्क देते हैं कि पीपल ही एकमात्र ऐसा पेड़ है जो रात में भी ऑक्सीजन देता है। क्या वास्तव में ऐसा है?

सबसे पहले तो पेड़-पौधों द्वारा ऑक्सीजन के उत्सर्जन की प्रक्रिया को समझना होगा। जैसा की आप जानते हैं कि पेड़ पौधे फोटोसिंथेसिस क्रिया द्वारा अपना भोजन बनाते हैं जिसमें वे सूर्य की रोशनी में co2 का प्रयोग कर भोजन तैयार करते हैं। इस क्रिया में ऑक्सिजन मुक्त होती है और उर्जा ग्लूकोस के रूप में संचित हो जाती है। इसके साथ ही जब पेड़-पौधे इस संचित उर्जा का उपयोग अपनी जैविक क्रियाओं के लिए करते हैं तो इसमें CO2 मुक्त होती है। इस क्रिया को respiration कहा जाता है। अतः पौधे अपनी जैविक क्रियाओं के द्वारा ऑक्सीजन और CO2 दोनों मुक्त करते हैं। 

अधिकांश पेड़-पौधों में हर समय गैसों का आदान प्रदान चलता रहता है। दिन में चूँकि फोटोसिन्थेसिस क्रिया होती है इसलिए दिन के समय ऑक्सीजन का उत्सर्जन प्रमुखता से होता है। रात्रि में फोटोसिन्थेसिस क्रिया न होने के कारण CO2 का उत्सर्जन अधिक होता है। ये फोटोसिन्थेसिस की आम क्रिया है जो अधिकतर पेड़-पौधों में सम्पन्न होती है। वैज्ञनिक भाषा में इसे C3 और C4 टाइप फोटोसिन्थेसिस कहा जाता है, जिसमें C3 अधिक कॉमन है। 
  
लेकिन इन दो प्रकार की फोटोसिन्थेसिस क्रियाओं के अलावा एक तीसरे प्रकार की फोटोसिन्थेसिस क्रिया भी होती है जो कुछ मरुस्थलीय, परजीवी और परोपजीवी पौधों में सम्पन्न होती है, जिसे CAM (Crassulacean acid metabolism) कहते हैं। 

C3 और C4 जहाँ केवल दिन के दौरान सम्पन्न होती है वहीँ CAM में दिन के साथ साथ रात का भी उपयोग होता है। CAM क्रिया में पौधे भोजन बनाने का अंतिम चरण रात को सम्पन्न करते हैं। इसमें वे दिन में अपने रंध्र छिद्रों को बंद रखते हैं और केवल रात को ही उन्हें खोलते हैं इससे उन्हें सूर्य की गर्मी द्वारा जल वाष्पोत्सर्जीत होने से बचाने में मदद मिलती है। रंध्र छिद्र रात को खोलने के कारण गैसों का आदान प्रदान भी रात्रि के दौरान ही होता है। तो CAM का उपयोग करने वाले पौधे रात को भी ऑक्सीजन मुक्त कर सकते हैं।  

पीपल चूंकि एक परोपजीवी, अधिपादप है जो किसी दूसरे पेड़ पर उगता है। इसलिए ये भी CAM क्रिया का प्रयोग करता है। लेकिन केवल तब तक जब तक यह अधिपादप रहता है। जब यह एक बार स्वयं को मिट्टी में स्थापित कर लेता है तो ये क्रिया बन्द हो जाती है और ये भी आम पेड़-पौधों की तरह C3 क्रिया पर आ जाता है। 

तो इससे तीन बातें साफ़ होती हैं। 
1. पीपल रात को ऑक्सीजन देने वाला एकमात्र पौधा नहीं है। 
2. पीपल केवल तब तक रात को ऑक्सीजन उत्सर्जित करता है जब तक यह अधिपादप रहता है। 
3. रात को ऑक्सीजन उत्सर्जित करने वाले पौधे ज्यादा ऑक्सीजन का उत्पादन नहीं करते बल्कि वे जो ऑक्सीजन दिन में उत्सर्जित होनी थी उसी को रात को उत्सर्जित करते हैं।

Comments

Popular posts from this blog

मासिक परीक्षा

मां मने धैर्य

डायरी